मंगलवार, 16 जुलाई 2019

कविता क्या है

कविता क्या है ?


कविता क्या है ?
माध्यम
दिल की
अभिव्यक्ति का
बुद्धि जहां काम करना
बन्द कर दे ,
विवेक के निर्देश
कुंद हो ,मौन हों
और फिर
दिल स्वमं
शब्दो को ,
दुःख ,दर्द की
सुख,आनन्द की
प्रेम और घृणा की
हास ,परिहास की
ज्ञात ,अज्ञात की
इस पार और उस पार की
जीवन और मृत्यु की
व्यंग संग विस्मय की
अलग अलग या संयुक्त
चासनियों में
डुबो डुबो
उकेरता है
समय के कैनवास पर
वो है
कविता ।
यही कारण है
कविता लिखी नहीं जा सकती
पढी और समझी भी नहीं जा सकती
दिल की गहराईयों में उतर
उस रस में सरोबर
हुए बिना
बुद्धि से पढ़ तो सकते है उसे
पर कविता पढ़
समझने की वस्तु नहीं
जीने की एक
पद्वति है
कविता पढ़ने को
पारांगत होना होगा
रसों की
बावली में
इक छपाका लगा
सरोबर होना होगा।
भद्र बन यदि डरते रहे
भीग जाने को
तो कविता शब्दों का
इक समूह होगा
जो असमतल पठार
और वनप्रान्तर सा
वीरान होगा ।
इसलिए
कविता पढ़ना नहीं
जीना सीखें
कवि के ह्रदय रस
को पीना सीखें
तब सार्थक है कविता
अन्यथा
व्यर्थ है
कविता ।
उमेश कुमार श्रीवास्तव,जबलपुर,दिनांक १७.०७.१७

गुरुवार, 11 जुलाई 2019

व्यथा

व्यथा


ऐ दामिनी ,
न इतरा यूं
पयोधर की बन
प्रेयसी,
गणिका ၊
न वारिस तू,
वारिद की,
तू बस अभिसारिका ၊

ये नर्तन तेरा
व्यर्थ,
न जमा धौंस
इन नगाड़ों की,
रीता है, हिय
कर्ण द्वय सुन्न, 
ग्रहण न करेंगे
स्वर इनके बेढब ၊

आरूढ़ अषाढी
मेघ सीस,
हे मेघप्रिया
न खो आपा,
सौदामिनी,
सौम्य हो जा,
ये घन जो रीता,
चुक जायेगी,
श्वेत वसन में,
वासना का त्याग कर,
जलधर त्याग देगा,
तो क्या करेगी ?

ऐ चंचला !
मैं वियोगी,
सह रहा व्यथा
विरह,
ये हास तेरा
परिहास बन,
चुभन दे रहा
हिय को मेरे,
आहों की मेरी
न बाट तक तू,
मदन सा तेरा
हश्र हो ना,
हूं भयभीत
परिणति पर
तेरी
ऐ चपला ၊

उमेश कुमार श्रीवास्तव ,जबलपुर, दिनांक ११.०७.२०१७

रविवार, 7 जुलाई 2019

क्या कहती , प्रेम रागनी बूंदो की

 क्या कहती , प्रेम रागनी बूंदो की


आओ चलें मीत,
सरस हम भी होलें
हौले से खोलें,
झरोखे ह्रदय के ,
मेघों की बून्दे,
कुछ,
उनमें संजो लें ၊

घिरे तो गगन पे
हैं , मानस को घेरे
लरजते , गरजते
पुकारें, बदन को ၊
आओ जरा संग
उनके बिताएं
बून्दों को उनकी
बदन से लगायें,
मद से भरी हैं
सुधा सी हैं बूंदे,
सराबोर हो कर
बहक थोड़ा जायें ၊

तनिक गेह अपनी
मुझसे सटा लो
तनिक देर लज्जा
खुद से हटा लो ၊
लरजते , हरसते
बहकते चलें हम,
बदरा के संगी
संग संग बहे हम ၊
बहको जरा तुम
बूंदो सी रिमझिम,
बहकें जरा हम
पवमान बन कर ၊
ह्रदय एक कर लें
बदन एक कर लें
जल-मेघ जैसे
मति एक कर लें।

हों, बाहों में बाहें
निगाहों में निगाहें
चपला सी चमको
हम झूम जायें ၊

बज रहें हैं देखो
हजारों नगाड़े ,
दामिनी भी चमक
कर रही है इसारे ၊
चलो आज फिर से
नया गात कर लें
नव प्रेम की फिर
शुरुआत कर लें ၊

उमेश , दिनांक ०७.०७.२०१९ , इन्दौर ० ०

शनिवार, 8 जून 2019

नव विहान

नव विहान


धुंध से झांकती
पर्वत श्रृंखलाएं,
अलसाये जगे से
ये वृक्षों के साये ၊
खेतों में उगते
फसल के ये पौधे ,
कुहासे के बादल
उठते हैं जिनसे ၊
खगों की उड़ानें
धरा से गगन को ,
कीटों पर लगी
बकों की निगाहें ၊
क्षितिज पर है फैली
अरुण की लालिमा जो,
तमों को भगाती, हैं,
रवी की वो निगाहें ၊
प्रकृति जग रही
हो सुबह अब रही,
जगो प्राण अब तो
जगी सब हैं राहें ၊
जो सोते रहे
तो, खोते रहोगे,
बढ़ो आगे बढ़ कर
थामो, मंजिल की बाहें ၊
उमेश, दिनांक ०९.०६.१९, भोपाल शताब्दी ट्रेन , दिल्ली - भोपाल यात्रा

सोमवार, 3 जून 2019

निर्गुण

 निर्गुण


आज कहो कुछ ऐसा सखी रे
हिय प्रफुलित हो जाये,
तन झूमे , मन बावला हो कर
माया जाय भुलाय ၊
हैं अबूझ ससुराल की गलियां
भटक रही अनजानी,
एक मेरा पी मुझे निरखता
और करें सब मनमानी ၊
हूं विह्वल, नीर भरे दृग,
ना है तू अनजानी
राह दिखा जा पार लगा जा
ना कर बैठूं नादानी ၊
ऐसा कर अब ,जतन सखी तू
हिय पी के, बाबुल पा जाऊं
माया कीचक से बिन लिपटे
जग के सारे सम्बन्ध निभाऊं ၊
तुझ पर ही अब आश लगी है
ऐसा कुछ अलख जगा दे ၊
शब्द ब्रम्ह के, बाणों से
तू सारे ये ,भय भ्रभ मिटा दे ၊
मेरी सखी वो प्यारी सखी रे ,
मौन न धर, सुर तान जगा दे ၊
मैं चुक जाऊं भ्रमित धरा पर
इससे पहले राह दिखा दे ၊
आज कहो कुछ ऐसा सखी रे
हिय प्रफुलित हो जाये,
तन झूमे , मन बावला हो कर
माया जाय भुलाय ၊
उमेश , गुड़गांव ,04.06.19 :8:44 AM

शुक्रवार, 31 मई 2019

शासकीय आभियांत्रिकी महाविद्यालय जबलपुर परिसर में लगे वटवृक्ष को देख हुई संवेदना पर एक प्रस्तुति:

शासकीय आभियांत्रिकी महाविद्यालय जबलपुर परिसर में लगे वटवृक्ष  को देख हुई संवेदना पर एक प्रस्तुति:-


ऐ बरगद की छांव घनेरी
ना अकुला,
क्यूं व्यथित ह्रदय  ?
स्पन्दन विहीन मानव तन जड़
तुझको आरोपित जड़त्व व्यर्थ
प्रेम सुधा से आपूरित
हर पल्लव
मां के आंचल सा दे दुलार
तू सम्पूर्ण नर अर्धांश
नारी स्वरूप
देता स्नेह,दुलार,प्रेम,लाड़
कर देता सर्वस्व समर्पित
पर पाता क्या
उपहास, उपेक्षा
व्यथा,भग्न ह्रदय
की  अकथ पीर घनेरी
अश्रु आज तक बहा न सके
मरू सदृष्य दृग तेरे
तेरी व्यथा, पीड़ा
व्यर्थ नहीं वरन है यथार्थ
तू सर्वस्व समर्पित कर
मौन खड़ा
तेरे आंचल में पला बढ़ा
मनु वंशज
मद मस्त हुआ अनजान खड़ा
भूल मूल की पीड़ा
तन साध , तना सा तना खड़ा
पर तुझमें उसमें जो अन्तर है
ना वह जान सकेगा
तू बस देता वह बस लेता
वह ना मान सकेगा
हे , तरूराज
व्यथा तुम त्यागो
तुम तुम हो वे वे हैं
इस अंतर को जान
ऐ धरा सुता
क्षमा कर निष्ठुर ,कृतध्न
मानव को
तू सदा रही है प्रमुदित
बांटती आमोद
यूं सदा सरल बन जीना
सदियां ही गुजरी
अभी तुझे
ना जाने क्या क्या
ह्रदय चक्षु से है सहना
ना ह्रदय सरसता कम कर
लुटा ममत्व ,स्नेह ,प्रेम की बून्दें
भरती रह शुष्क ह्दय को
स्नेहिल जल से
अपने आंचल की
ठण्डी छांव तले
उमेश कुमार श्रीवास्तव 28.02.2017 जबलपुर

प्रेम सुधा

प्रेम सुधा
 

यह प्रेम सुधा की धारा है
इसको हाला मत कहना
नयनो के धोखे में आ कर
इसको मधुशाला मत कहना
जब अगन लगे तन मन में
इसको नाकारा मत करना
जीवन में रंग यही है भरे
इसको बेचारा मत कहना............उमेश