सोमवार, 22 मार्च 2021

होली

सभी को मंगल हो,ये होली , 
उमंग मिली,भंग की गोली,
टेसू सा सुर्ख रहे जीवन
चहुं दिश गूंजे , हंसी ठिठोली
     उमेश

शुक्रवार, 12 मार्च 2021

होली के रंग सब के संग

होली के रंग सब के संग

होली के रंग में
रंगीली उमंग में
आपका भी साथ हो
दिलों की ही बात हो
नयनों में प्यार हो
रंगों की बहार हो
हाथों में गुलाल हो
चेहरे सब के लाल हों

फागुनी बयार में
सुनहरी एक तान हो
झूमते बदन के संग
खिलती मुस्कान हो

यार हो प्यार हो
दुलार ओ सत्कार हो
जिन्दगी की रंगीनियों की
खुली इक दुकान हो

बांटिये खुले खुले
बन्द न कोई प्राण हो
प्यार भरे रंग सब
न दिल में कोई त्राण हो

हरे नीले पीले के संग
गुलाबी भी श्रृंगार हो
दिलों में भरे उंमग
लाली लिये प्यार हो

रिस्तों की खटास पर
मिठाइयौं की मार हो
मिटा दो खटास सब
होली की पुकार हो

गले लगा प्रिये सभी
रंग दो सभी चुनर
न हो अलग थलग कोई
बस प्यार की खुमार हो

आओ खेले होली हम सब
राधा कान्हा बन बन
प्रेम जगे धरती पर सात्विक
बने धरा वृन्दावन

सबके जीवन में खिल जायें
सतरंगी  फुलवारी
सुख की उझास यूं फैले
मिटे दुःखों की अंधियारी

सभी गुरु जन को सादर नमन के साथ, बन्धुओं को सादर ,एंव कनिष्ठ जन को सस्नेह होली का अमिनन्दन एंव मंगल कामना ।

उमेश श्रीवास्तव  जबलपुर १३.०३.२०१७

गुरुवार, 11 मार्च 2021

मैं प्यार हूं

मैं प्यार हूं, 
क्या तुम भी कहोगी ?
मैं बहता तरल हूं , 
क्या तुम भी बहोगी ?
मैं प्यार हूं , क्या तुम भी कहोगी ?

बसन्ती है रंगत
मेरे गात की
मादक-मोहनी छवि
मेरे जाति की ,
क्या रंगत मे मेरी 
तुम भी घुलोगी
उन्मत्त हो कर
मुझ संग चलाेगी ?

वीणा की धुन सी
वाणी है मेरी 
मधु चासनी सी
वचनों की लड़ियां
सुधा के बिना
हैं कुपोषित ये सारे
क्या लता सोम बन तुम
पोषित करोगी ?

है पथ ये दूभर
पर,मादक डगर है
कटंक भरा पर
सुरभित भ्रमण है
चला जो भी इस पर
डगमग ही डगमग
सहारा मिला तो
सुहाना सफर है
क्या मेरे संग मेरी
हमडग तुम बनोगी ?

जब से धरा है
भटकता रहा हूं
टूटता भी रहा हूं 
बिखरता रहा हूं
जब भी मिली तुम
संवर भी गया हूं
प्रेम के ही सहारे
निखर भी गया हूं 
क्या नयनों की अमी को
अधरों पे ला के
मेरे प्राण मुझको अर्पित करोगी  ?

उमेश कुमार श्रीवास्तव
केराकत , जौनपुर
दिनांक : ११.०३.२०२१.



बुधवार, 10 मार्च 2021

ग़ज़ल : कहाँ से लाए हो चुरा के

ग़ज़ल

कहाँ से लाए हो चुरा के इन नज़रो को 
चुरा लेती हैं  जो हर दिल करीने से

पलक के पर्दों को यूँ आहिस्ता उठाती क्यूँ हो
कहीं डर तो नही , कोई दिल फिसल न गिरे

तीखी नही जो सीधे बेध देती है
खंजर सी तिरछी नज़र से देखा न करो

कहने को लाख कहे झील या दरिया
हमे तो जाम-ए-हाला ही नज़र आती है

क्या कम तेरा हुस्न खाना खराब करने को
तीर-ए -नज़र के वार से हो क्यूँ विस्मिल हम

यदि चाहते हम भी हुस्न का दीदार करें
इश्क की चासनी भर इनको झुका लो ज़रा

                                      उमेश कुमार श्रीवास्तव

ग़ज़ल : तरासते रहे औरों को

ग़ज़ल

तरासते रहे औरों को , कमियाँ निकाल निकाल
गर खुद को तरास लेते हर दिल अज़ीज होते

औरों ने चाहा जब जब हमको तरासना
अपने गुरूर में हम आपा रहे हैं खोते

हमने तो जाना ये ही हम से भला न कोई
औरों की मज़ाल क्या जो कह दे हमे हो खोटे

हम जान ये रहे थे मसहूर हो रहे हैं
बदगुमानियों में शायद अब तक रहे हैं सोते

ऐ जिंदगी तुझसे बस एक ही गिला है
क्यूँ शामिल किए नहीं, जो सच्चे मीत होते

तरासते रहे औरों को , कमियाँ निकाल निकाल
गर खुद को तरास लेते हर दिल अज़ीज होते

उमेश कुमार श्रीवास्तव ( ११.०३.२०१६)

सोमवार, 8 मार्च 2021

सच की तलास

सच की तलास 

 

सच , मैं जो हूं 

मैं जानता हूं
सच , तुम जो हो
तुम जानते हो ၊

सच , मैं जो नहीं
वो तुम जानते हो
सच , जो तुम नही
वो मैं जानता हूं ၊

सच , तेरा जो अन्तस
तू जानता है
सच , मेरा जो अन्तस
मैं जानता हूं ၊

सच , तेरा जो अन्तस
न तू मानता है
सच , मेरा जो अन्तस
वो,न मैं मानता हूं ၊

सच , ना तू बदल सकता
सच , ना मैं बदल सकता
चल, बदलता मैं तुझको
तू , मुझे बदल देना  ၊

उमेश
शिवपुरी
दिनांक ३.३.२१

मंगलवार, 2 मार्च 2021

स्वागत पलास फिर आये तुम

स्वागत पलास फिर आये तुम


स्वागत पलास फिर आये तुम
कृष्ण आवरण भेद, 
मृदु, मंद मंद मुस्काए तुम,
स्वागत पलास फिर आये तुम ၊

स्वर्णिम कपोल,रक्तिम अधरों पर,
कृष्ण मेघ जो छाये हैं,
श्रृंगार किये पर, व्यथित ह्रदय हो ,
हो कहां वसन गंवाये तुम ?
स्वागत पलास फिर आये तुम ၊


टकटकी लगाये दृग लगते हैं,
जिनमें विरही आश पले,
विरह व्यथा की झांकी है क्या ?
क्यूं थोड़े अलसाये तुम ?
स्वागत पलास फिर आये तुम ၊

सुलग रहा है तन मन सारा,
टपक रही है प्रेम सुधा,
ह्रदय रक्त से, लीप के आंगन,
हो किसकी आश लगाये तुम ?
स्वागत पलास फिर आये तुम ၊

कौन प्रिया है ? इतनी निष्ठुर !
प्रणय तेरा ना जान सकी ,
रसिक वियोगी, तुम तो योगी,
हो किसकी अलख जगाये तुम ?
स्वागत पलास फिर आये तुम ၊

गिरि ,पठार अरु समतल वसुधा,
तुम सबमें इकसार जिये,
आज हुआ क्या ! क्यूं विचलित हो ?
क्यूं अपना धैर्य गवांये तुम ?
स्वागत पलास फिर आये तुम ၊

मदन बांण ले संधान करो बस,
हृदय बसी प्रिय के हिय को,
प्रेम सुधा से सींच उसे फिर,
वामा आज बना लो तुम ,
स्वागत पलास फिर आये तुम ၊

उमेश कुमार श्रीवास्तव
शिवपुरी
दिनांक ०२.०३.२०२१








.