Meri Gajale Mere Geet (मेरी ग़ज़लें मेरे गीत)
सोमवार, 17 फ़रवरी 2025
शिव स्तुति
हे शिव हे शंकर हे त्रिपुरारी
कोटिशः अभिनन्दन, हूं आभारी
वरदहस्त तेरा यूं शीश मेरे
कर कल्याण हर, हर पातक भारी ।
उमेश
१७ फरवरी २०१७
बुधवार, 5 फ़रवरी 2025
अहसास
उसकी आखों में मैने देखा है
प्यार , बेसुमार
जब वह देखती है मुझे ,
उसके भाव समर्पित से लगते है
मुझे ।
आंखों से वह,
तौलती सी लगती है मुझे ;
महसूसता हूं मैं
उसका छूना ,
अपने माथे पर, आखों पर,
ओठों पर,
नजरों के सहारे ;
और बिछ जाना
अपने वक्ष स्थल पर,
उसके सूक्ष्म बदन का ।
बहुत कुछ कह देती हैं
उसकी आंखे
व चेहरे के भाव
जो वाणी की अवरुद्ध गति
कह न पाती है उसकी ।
मर्यादाओं की सीमा
कितनी कठोर होती है
वह कहां जानती
मृदु हृदय की विवसता
उस निस्पृह को कहां ज्ञात
पीड़ा की गति व
संवेदनाओं का मोल
उमेश कुमार श्रीवास्तव
राजभवन, भोपाल
दिनांक ०५ . ०२ . २०२५
सोमवार, 20 जनवरी 2025
शेर
कब तलक चलेगी यारों,तेगे जुबां फिजूली
कुछ तो रहम बख्सो, वतन के नाम पर अब
.......उमेश
शुक्रवार, 10 जनवरी 2025
शेर
सलाम कर तुम भी कमाल करते हो
सलीके से रंजिश को तमाम करते हो ।
उमेश १०.०१.२४
मंगलवार, 31 दिसंबर 2024
नव वर्ष अभिनन्दन
वसुंधरा की हम संतान
करें नित मंगल गान
नये वर्ष की हर किरण नई
दे उर्जा नई व उमंगित प्राण.........उमेश
सोमवार, 9 दिसंबर 2024
प्रेम तुमअनुपमेय हो
प्रेम तुम
अनुपमेय हो
कैसे गढूं उपमा कोई
प्रेम तुम अनुपमेय हो
था मिला
तुमसे प्रथम
जब गर्भ में था पल रहा
सींचती थी पोषती थी
स्वयं को गला गला
प्रेम का ही रूप
स्नेह
था नही तो और क्या ?
तू मिला मां बन मुझे ।
फिर मिला तू मुझे
स्पर्श के रूप में
जब जगत में
जग उठा था
किलकारियों का स्वर मेरा
और बढ़ कर
स्नेहिल करों ने
दुलार से छुआ मुझे
रोमांच की अनुभूति से
सिहरी थी लघु काया मेरी
जाना कि स्पर्श होता है क्या !
फिर पिता की गोद में
सकुचा सिमट आये थे तुम
प्यार के उस रूप से
इक दिलासा था मिला
मृदु नही कठोर जग है
पर हर जगह संग हूं खड़ा
प्यार का यह रूप मुझमें
पाषाण सा भर गया
जिस पर
था सुधा रस झर रहा ।
फिर अनेकों रिस्तों में
छिप छिप,
तू मुझे आ कर मिला
प्यार बन तकरार बन
और अनोखा लाड़ बन
बिन कहे बिन सुने
अहसासों मे घुलता हुआ
अस्तित्व को तू मेरे
हौले हौले गढ़ता हुआ ।
हूं देखता जो आज जग को
कण कण में पाता हूं तुझे
इस धरा के हर रूप में
मुझको दिखे बस प्रेम है
चाहता बस प्रेम पाना
और लुटाना बस प्रेम है
इसलिये कहता हूं मैं
प्रेम तुम
अनुपमेय हो
कैसे गढूं उपमा कोई
प्रेम तुम अनुपमेय हो ।
उमेश कुमार श्रीवास्तव
राजभवन, भोपाल
१४ . १२ . २४
शुक्रवार, 6 दिसंबर 2024
चांदनी मेरी
मोती छिटकाती हो धरा पर
रात भर
हो सजाती तृण पात
कुसुम पाषाण भी
ऐ चांदनी तुम अथक !
क्या चाह ले ?
रजनी संग मेल तेरा
तारों ने लिखा है
आकाश सारा मुग्ध
लख नक्षत्र सारे
जो खड़ा अगवानी को
स्वागत में तेरे
क्यूं बिखरी सी लगती हो
तुम पर
कुछ तो कहो
न निः शब्द बैठो
यूं आह भर ।
बात क्या है ?
हो मौन क्यूं ?
विरहाग्नि को शीतल
कर रही हो
किस अग्नि में
फिर , तुम यहां ,
यूं जल रही हो
रजनी गई
छोड़ झीना
आवरण
भोर में अरुण ने
रच दी रंगोली
शरमा गई बन तूहिन
चाहतकों की चहेती
चांदनी मेरी ।
उमेश कुमार श्रीवास्तव
राजभवन , भोपाल
दिनांक : ०५ ०५ २०२५
नई पोस्ट
पुराने पोस्ट
मुख्यपृष्ठ
सदस्यता लें
संदेश (Atom)