गुरुवार, 31 दिसंबर 2015

नव विहान

नव विहान


आखों में छिपा कर चंचलता ,ओठों पे छिपा कर गान
नन्हे पग पर ठुमक रहा, ओ आता नया बिहान

कल-कल करती धारा में, राकेश-रश्मि की ज्वाला में
शशि की शीतल छाया में, करते खग कुल सब गान

वन मध्य मृगों की काया में, मयूरों की चपल सी माया में
वक के शुभ्र परों से, बुन गया नया बितान

सुचि सौम्य सुमन की कुन्जो से, सुमधुर भ्रमर की गुन्जो से
श्रांत क्लांत वितान तले, छा जाता मधुर इक गान

बीते कल की ठिठुरन को, थकित हृदय मन चितवन को
स्फूर्ति, शक्ति औ चंचलता,पुन देता नया विहान

कल के "मैं" को अब दूर करो, कल से "हम" को मजबूत करो
जिससे बन जाये यह , पावन , आने वाला श्रुति गान

उमेश कुमार श्रीवास्तव

नव वर्ष "अभिनंदन"

नव वर्ष  "अभिनंदन"


प्रज्जवलता की आभा में ले शीतलता का चंदन
नये वर्ष की शुभ्र रश्मियाँ, करती सब का "अभिनंदन"

पर्वत शिखरों से फिसल रही शान्त प्रकृति पर बिखर रही
कल- कल करती सरिता पर चमक रही ये बन कुंदन

नये वर्ष की शुभ्र रश्मियाँ, करती सब का "अभिनंदन"

नवीन काल की नव चेतना दे रही आज ये रश्मि तरंग
उमड़ रही है नव जागृति, संतृप्त न होती है चिंतन

नये वर्ष की शुभ्र रश्मियाँ, करती सब का "अभिनंदन"


बार बार अलि भाग रहा नव युग के नव वितान में
पा अनच्छुई कलियाँ का स्पर्श , हो रहा अत्यंत हर्ष
औ ग़ूढ हो रहा मन चिंतन ,

नये वर्ष की शुभ्र रश्मियाँ, करती सब का "अभिनंदन"

उमेश कुमार श्रीवास्तव



सोमवार, 30 नवंबर 2015

वेदना !

वेदना !




प्रकाश का अतिरेक ज्यूँ ,
अंधत्व देता है सहज
ज्ञान के भी अतिरेक को ,
ऐसा समझना चाहिए

चक्षु होना ही नहीं
प्रमाण, सब दीखने को
तंत्रिकाओं से उसका
जुड़ाव होना चाहिए

ज्ञानेन्द्रियों का अतिरेक ही
विध्वंश का कारक रहा
अतिवादिता से लोक को
सदा ही, बचना चाहिए

अच्छाइयाँ ही सदा
आलोक में हों समाज के
बुराइयों को सदा
पर्दों में रखना चाहिए

पर, दिखता, विपरीत इसके
आज चतुर्दिक समाज में
धन-बुद्धि-बल अतिरेक का
पांसा पलटना चाहिए

इन अतिवादियों के मर्म,
संवेदनाओं से है परे,
शुष्क रेत सम पूरित हृदय पर
अब सागर मचलना चाहिए

वेदना है बस यही
सब जान कर भी मौन हैं
देश-धर्म-जन-जाति खातिर
अब शोर उठना चाहिए

सब को फंसा कर लोभ में
जो बने हैं कर्णधार
उस दोगले नेतृत्व को
अब तो समझना चाहिए

जिस दिशा देखो जिधर
जरासंधी फौज है
इक कृष्ण ना कर पायेगा
सभी को, रिपुदमन बनाना चाहिए


कब तलक यूँ चलोगे
शव बने, संसार में
शिव बन हुंकार लें,
फिर,तम भस्म होना चाहिए


उमेश कुमार श्रीवास्तव ३०.११.२०१५

बुधवार, 22 जनवरी 2014

ग़ज़ल



मैं चाहता था देखना धड़कन को अपने दिल की
देखा वहाँ तो तेरा घरोंदा बना हुआ है

खूं में थी रवानी औ जोश-ए-जुनू भरा था
अलमस्त तेरा चेहरा उसमें सज़ा हुआ है 

मैने की ज़रा सी जो मिज़ाज-पुरसी दिल से 
मुझको लगा कि जैसे वो तुझसे मिला हुआ है 

अजनबी सा खड़ा था मैं खुद के नसेमन में 
कहने को दिल मेरा था अनजाना सा जो हुआ है

तुम ही बताओ जानम जाएँ तो जाएँ कहाँ हम
उस दिल में ही अब जगह दो जो तेरा नहीं रहा है 

                               उमेश कुमार श्रीवास्तव

बुधवार, 8 जनवरी 2014

जीवन क्या है ?

जीवन क्या है  ?

जीवन क्या है  ?
इक निर्वात 
अदृश्य ऊर्जा का इक स्रोत 
अकूत ज्ञान , शक्ति  समुच्य 
कर्म बंधन से हो साक्षात !
इन्द्रिय जगत में आता साघात 
पाता भोग हेतु चिंतन 
इक अबूझ अगम्य मन 
इक पिंजर संग 
जिसमें भोगे भौतिक भोग 
संचित करने कर्मो को 
आने जाने के पथ रूप 
क्यो कि व्यर्थ कहाँ ऊर्जा है 
वह परिवर्तित करती बस रूप। 

जीवन क्या है ?
कर्मो का पथ 
युगो युगो से जन्मो से 
संचित हुए कर्मो का 
अच्छे बुरे द्वै कर्मो का 
प्रारब्ध बने हुए कर्मो का 
राई , पर्वत से कर्मो का 
ज्ञात, अज्ञात हुए कर्मो का 
जिस पथ  चल मंजिल पाना है 
जिसे भोगे  बिना , बस  चलना है 
इसमें अवरोध नहीं आना है 
कर्म बंध  के कटने तक 
हाड मांस के पिंजर  संग 
बस इस पथ पर आना जाना है। 

जीवन क्या है ?
इक अनुशासन !
आत्म शक्ति औ इन्द्रिय जगत में 
बाह्य जगत औ अंतस मन में 
वसुंधरा के हर प्राण जगत से 
अपने चेतन , अवचेतन में 
हर प्राणी के कर्मो के पथ से 
अपने कर्मो के पथ चिंतन में 
इस पार जगत के चिंतन से 
उस पार अगम्य गम्य के चिंतन में। 

जीवन क्या है ?
संग्राम भूमि है !
माया के जंजाल चक्र से 
काम क्रोध मद लोभ वक्र से 
कीचक सदृश्य मोह जगत से 
लतपथ इक संग्राम भूमि है 
कर्म पथिक को जिस पर चल कर 
उस द्वारे तक जाना है 
जिस द्वारे, तक रहा ब्रम्ह है 
चिर शान्ति जहां पर पाना है। 

                     उमेश कुमार श्रीवास्तव  (०८. ०१. २०१४ )



समय का सफ़र



समय का सफ़र 



साँझ का झुरमुट ,
पंक्षियों कि 
चीं - चीं , कुट -कुट 
रक्तमय अम्बर पर सोई धूप 
छुट पुट 

अरुणचूर्ण की कुकडुककूँ 
चूजों की चूं -चूँ 
चर मंजिले पे बैठे 
कबूतरों की गुटरूकगूँ 

मानव का शोर , 
शान्ति की ओर 
बढ़ रहा ऐसे 
जैसे चितचोर 

रात का अंधकार 
कर गया मानव को प्यार 
साँझ के ढलते ही 
सो गया चौक बाजार 

रात्रि का द्वितीय पहर 
तप रहा पूरा 
अमीरों की  गुदगुदी वो 
गरीबों का जो कहर 

गगन पर छाया प्रकाश 
तारो से भरा आकाश 
सप्त ऋषि का आकार 
हो रहा ध्रुव पर न्योक्षार 

प्रभात कि प्रथम वेला 
झुक गए हैं गुरु चेला 
पक्षियों की चीँ -चीँ चूँ -चूँ 
मुर्गे की  कुकडुक कूँ 

अरुणमय है पूर्वाम्बर 
चहल कदमी है घर घर 
कमल को आई मुस्कान 
कुमुद पर छाया श्यमसान 

धीरे से बदला आकार 
आ गया सूर्य मध्य द्वार 
तपती धरती लगे प्रलयंकार 
बंद हुई चौमुखी बयार 

फिर आई धीरे से साँझ 
मिला हो जैसे पुत्र बाँझ 
कुमुद की अर्ध मुस्कान 
कमल की भी यही पहचान 

फिर चिड़ियों की ची -ची चुट -चुट 
फिर सांझ का वही झुरमुट 

                         उमेश कुमार श्रीवास्तव (२०. ०७. १९८५ )


मंगलवार, 7 जनवरी 2014

नारी

नारी 


मौसम का प्यारा  गीत है तू 
हर  मन का वह संगीत है तू 
जिसे चुन  झूमे धरा गगन
वह अन्तस की सुरम्य ,प्रीत है तू 

श्रृंगारमयी आगार है तू  
जीवन की  मधुर झंकार है तू  
करतल ध्वनि से अनुगुंजित 
पावन शिव का द्वार है तू 

सरिता  की चंचल धार है तू 
निर्झरणी रस की फुहार है तू 
शीतल कर दे तन मन दोनों 
ऐसी ध्वनि नाद ऊँकार है तू 

असुरो के विनाश निमित्त उठी 
महा काली की हठी तलवार है तू  
सु-सभ्य बने मानव जीवन की 
प्रथम पगी गुरु द्वार है तू 

इस जग की पालनहार है तू 
इस जग की तारणहार है तू 
अपना रूप न बदल नारी 
मानव का  घर , आँगन ,द्वार है तू 

वसुधा की जीवन कारक तू 
ना चूस मृदु जीवा रस को यूँ 
मानव रिक्त बने ये धरा 
ना बन इसका कारक तू 

                        उमेश कुमार श्रीवास्तव