बुधवार, 11 नवंबर 2026

मैं और तू

मैं और तू

हूं निरखता, मैं,निरन्तर
अन्तस की गलियों में उतर ।
खोजता रहता हूं नित
हर गली हर राह पर ।

इक झलक की चाह ने
बावरा सा कर दिया
रश्मि आंखो से गई
रजनी से दामन भर दिया ।

तप ये नही ! तो और क्या ?
तू ही बता कितना तपूं
तपन की इस अगन ने 
क्या क्या न मेरा रज हुआ।

मैं हूं अलग या तो मुझे
यह झलक आ कर दिखा,
या मेरे विश्वास को
"परमात्म हूं" सच कर दिखा ၊

नित निरन्तर जूझता 
जिन्दा हूं, या हूं, जी रहा
तू ही बता , तू ईश है
पाने की तेरी राह क्या ?

जड़ नही, हूं पशु नही , 
औरस मनु सन्तान हूं
इस धरा पर आज भी 
मैं ही, तेरी पहचान हूं ၊

फिर भटकता क्यूं फिर रहा
स्वयं की ही खोज में
ये भरम क्यूं भर रहा
फिर मेरी इस मौज में ၊

आ तनिक मुझको बता
मैं पृथक क्यूं कर हुआ
आत्म मैं परमात्म तू ,फिर
योग क्यूं क्षितिकर हुआ ၊

उमेश कुमार श्रीवास्तव
दिनांक 25.04.2020
इंदौर

गुरुवार, 5 नवंबर 2026

शेर

चाह तो नही थी कि जाने दूं
पर , तुम्हारी चाह देख
अपनी चाह बदल दी मैने ।

दर्द के मरहम सा अहसास था
दर्द से निज़ात की चाहत
बदल दी मैने ।
उमेश ०६.११.२०२६

सोमवार, 26 अक्टूबर 2026

प्रेम करता हूँ

मैं करता हूँ प्रेम तुम्हे
यह नाद यदि प्राण का है
मुक्ति का कारक बनेगा
यदि बुद्धि से निकले ये नाद
बद्ध कर देता जगत से

प्रेम रस है
गूंथता सब को सभी से
ब्रम्हाण्ड के कारक सभी
जुड़ते इसी से
खींचता सब को, फिर
सींचता, सानता है
पंचभूतों का आसंजक यही जो

कण बन ब्रम्हाण्ड से 
जुड़ना जो चाहो
चाहता, प्राण से तुम भी पुकारो
बुद्धि को सुप्त कर हिय में उतारो
गुंजन करो तुम भी,  मैं प्यार हूं
सप्त सुर में नाद भर दो
" करता मैं भी प्रेम तुम्हे " ।

चाहना सब की यही
प्रेम पायें
पर बांटते इसको
बस गाहे ब गाहे
बांटो हृदय से
आसंजक बनो
ब्रम्हाण्ड की हर किरण से
तब प्रेम पाओ ।

   -x-        -x-

आसंजक - जोड़ने वाला
गाहे ब गाहे - कभी कभी, अवसर 
मिलने पर

उमेश कुमार श्रीवास्तव
लोकभवन , भोपाल
दिनांक : २६.१०.२६


गुरुवार, 22 अक्टूबर 2026

अहसास मैं कराता हूं तुम्हे 
तुम अहसास को मरने न देना
  बेअहसास का सम्मुच्चय है जिन्दगी
जिन्दगी को यूं तुम जाया न करना

शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2026

गुणवत्ता

                   गुणवत्ता
 वर्तमान काल खण्ड में हम, प्रत्येक वस्तु में, गुणवत्ता का अवलोकन कर ही यह निर्धारित करते हैं कि उसे हमें लेना है अथवा नही । गुणवत्ता का मानक हर दृष्टि से स्तरीय पाये जाने के आधार पर ही उसका मूल्यांकन होता है ।

किन्तु मानव स्वयं का गुणवत्ता सूचकांक विस्मृत कर चुका है । वह स्वयं ही स्वयं का मूल्यांकन कर उसी आधार पर अपना गुणधर्म, प्राकृतिक , मानवीय, सामाजिक, पारिवारिक व व्यक्तिगत नियत कर लेता है । यह  एक दृष्टि से उचित भी है क्योंकि गुणवत्ता का प्रमाण स्व से आये तो वह मानसिक आनन्द , सन्तोष तथा स्वयं के  अस्तित्व पर गर्व की अनुभूति कराता है । किन्तु ऐसा करते समय यदि वह अपने कार्य व्यवहारों के प्रति, सचेत , निष्पक्ष व विवेकशील निर्णायक की भूमिका का निर्वाह कर सके । जो कि हर मानव में अंतर्निहित अहंकार तत्व के विद्यमान रहते लगभग असंभव है । क्योंकि अहं स्व को कभी गलत ठहराने नही देगा और स्वयं के गुण को सदैव उचित का  ही विश्लेषण देगा ।

वहीं यदि गुणवत्ता का प्रमाण दूसरे के माध्यम से अपेक्षित किया जाये तो वह अहंकार, प्रतिस्पर्धा व वैमनस्य को जन्म देता है । क्योंकि यहां दूसरे का भी स्वयं का अहंकार होगा जिसके अहंकार से चाहने वाले का अहंकार टकरायेगा ।

अतः  एक विवेकशील, निरपेक्ष, निष्पक्ष
निर्णायक के कठोर व्रत का पालन सुनिश्चित कर स्वयं में झांके कि
 क्या आप प्रकृति के साथ, मानवता के साथ , समाज के साथ, परिवार व रिस्तों के साथ, व स्वयं के साथ, स्थापित गुणधर्म का पालन करते हुए, एक गुणवत्ता पूर्ण जीवन जी रहे हैं ? यदि निर्णायक के रूप में सकारात्मक उत्तर आये तो आप वास्तव में सार्थक जीवन जी रहे हैं अन्यथा आप का जीवन प्रकृति, मानवता, समाज, परिवार व रिस्तों हेतु ही नही वरन स्वयं हेतु भी अभिशाप है । भले ही आप कितनी ही सम्पत्ति संसाधनों के धारक क्यो न हो या उच्च से उच्च पदधारी या विद्वान ही क्यों न हो ।

उमेश कुमार श्रीवास्तव
लोक भवन , भोपाल
दिनांक : १६. १०. २६

बुधवार, 14 अक्टूबर 2026

मौन का नाद

मौन का नाद

भाव जगत के सम्प्रेषण को 
शब्द कहां गढ़ सकते है
भाषा की अपनी बन्दिश हैं
पर चुप रह सब कह सकते हैं ।
 
अन्तस में जब कुछ पकता है 
वो आंखों में आ दिखता है
शब्द उसे क्या तोल सकेगा ?
न भाषा बोली, बोल सकेगा !

बोली ने अब तक, बस तोड़ा है
भाव जगत ने, बस जोड़ा है
रीती बोली - भाषा के संग
क्यूं भाव भंगिमा छोड़ेगा ?

शुष्क रेत के ढेरों पर ? , या
चट्टानों के रेलों पर ?
रिस्ते पनप कहां सकते हैं ?
बस तरल भाव के मेलों पर ।

चल हंस-गा लें बिन बोली के
जो छद्म, छली ना धोखेबाज
होअन्तस में जो, वो आमुख पर
 बस सम्प्रेषित हो अन्तस नाद ।

उमेश कुमार श्रीवास्तव
लोक भवन , भोपाल
दिनांक : १४.१०.२६

बुधवार, 7 अक्टूबर 2026

नारी ! मेरी कविता हो तुम

नारी !
मेरी कविता हो तुम 

वह कविता जो 
सुनी नही जाती
गाई नही जाती
बस उसे पढ़ 
उसमें खो 
जी ली जाती है

नारी !
मेरी कविता हो तुम 

वह कविता जो गुनी नही जाती
अन्तस से आती
अन्तस तक जाती
जिसके रस की अनुभूति
उर में धारित कर
जीवन सार बना
तरल सरल निर्मल जल सम
सरि  बन
बस ! बहती जाती
बहती जाती ।

नारी !
मेरी कविता हो तुम 

जीवन चिन्तन
घुर्णन करता
चतुर्दिक जिसके
बाल्य, युवा या प्रौढ़
फिर वृद्धा
सभी अवस्थाओं में
मधुर मृदुल अवलम्बन
तेरा ही
जीवन धारा के दो तट सा
सभी दृष्य प्रकृति के
मनोरम तब तक
जब तक तेरी धारा 
अन्तस में ।

नारी !
मेरी कविता हो तुम 

मेरा आकर्षण 
वृथा नही
ज्यूं कविता में 
समाहित रहे सदा
हर रस
यूं ही तुम हो जीवन में
रस घोल रही
नहीं तो
शुष्क रेणु सा है
यह जीव धरा पर
जिसमें मैं भी ।

उमेश कुमार श्रीवास्तव
लोक भवन 
दिनांक : ०६.१०.२०२६





मंगलवार, 6 अक्टूबर 2026

मन अनमना

 मन अनमना

मन चाहता है 
अंको में भर लूं तुमको
मन चाहता है 
चुम्बन ललाट पर तेरे

मन चाहता है
संवारूं कुंतल तेरे
काली घटा के साये में
सुकून तलासते
निश्चिंत सो जाने को

आंखे चाहती
आंखों में झांकना तेरे
मीन बन बसना
मादक झील में तेरे
वे चाहती निरन्तर
निहारना तुझको
अक्स बना 
दिल में उतारने को

नासिका मचल जाती
गंध पा तेरे तन की
संजो लेती जिसे
यादों में भिगोने को
हाय ! तेरा रूप
कल्पनाओं से निकल
कब अनावृत होगा
सम्मुख आ मेरे

दिनांक ०६.१०.२६
लोक भवन , भोपाल


मंगलवार, 22 सितंबर 2026

रवि-रश्मि विज्ञान

रवि रश्मि में ज्ञान छिपा है
कर अनुसंधान रे मानव
विज्ञान इसी में रचा बसा है
जान सके तो जान ले मानव ।

हर कारक ब्रम्हाण्ड इसी में
जड़ चेतन लघु दीर्घ सभी
ज्ञान चक्षु तीक्ष्ण करो
बहिर्भाग ना टटोल रे मानव ।

प्राण इसी में ज्ञान इसी मे
माया का विज्ञान इसी में
ब्रम्ह इसी में भगवान इसी में 
नाद इसी में मान ले मानव ।

नीर इसी में पवमान इसी में
धरणी की पहचान इसी में
पितृ लोक का ज्ञान इसी में
नव सृजन यही, पहचान ले मानव ।

सप्त लोक का ज्ञान इसी में
सप्तवर्ण को भेद जो ले
काल जगत सिमटा इसमें
भेद सके तो पहचान ले मानव ।

उमेश कुमार श्रीवास्तव
लोक भवन , भोपाल
दिनांक : २३.०९.२६


गुरुवार, 30 जुलाई 2026

गज़ल : गुज़रेगी जब यार के कूंचे से

गज़ल

गुज़रेगी जब यार के कूंचे से तू ऐ सबा 
नामावर बन ज़ख्मे-निहा कर देना उनसे बयाँ ।

कह देना उनसे कि अश्क भी अब सूखते 
विस्मिल दिल से आरजूएँ हो चुकी कब की फ़ना ।

याद तो करता बहोत पर सब्र ही जाता रहा
कब तलक तेगे जुनू से मैं बचाता आसियाँ ।

इस कफ़स में आज तो जां भी है मचलने लगी
छोटे पड़ने लगे अब ये ज़मीं ये आसमाँ ।

उस दिले-मगरूर से आख़िर में कहना तू जा
मिट रहा फुर्कत में तेरी, नशेमन का हर निशां ।

नामावर : सन्देश वाहक,पत्र वाहक
जख्म - ए - निहां : छिपे घाव ( दिल के )
फुर्क़त : प्रियजन से अलग होने की पीड़ा, वियोग
...उमेश श्रीवास्तव...25.11.1989

सोमवार, 27 जुलाई 2026

कर्म गति

कर्म गति

घनघोर घटायें छाई थी 
पर एक बून्द ना आई थी
रुष्ठ हुए यूं जलद आज
ना तनिक दया दिखाई थी ।

अषाढ़ गया रीता - रीता
आंखें सब कुम्हलाई थी
फसलों की  कोमल पौधें
नीर बिना अकुलाई थी ।

वन, कानन,नग धानी चुनरी
पीत गात बन छाई थी
ताल तलैय्या सरिता पोखर
तट छोड़ सिमटी सकुचाई थी ।

धरनी प्यास लिये अपनी
सावन पर आस लगाये थी
पर विह्वल सन्तति उसकी 
करुण पुकार लगाये थी  ।

करुणाकर की भीगी आंखें 
रौद्र रूप धर आई थी
अश्रुनीर नग शिखर गिरीं
प्राणों पर विपदा आई थी ।

सूखी धरती सूखे तन मन
रीते बादल रीते चिन्तन 
गति कर्मों की व्यक्त हो रही
क्या मानवता पछताई थी ?

उमेश कुमार श्रीवास्तव
लोकभवन भोपाल .
दिनांक : 29.07.2026


गुरुवार, 9 जुलाई 2026

हे कृष्ण मुरारी राधे श्याम

हे कृष्ण मुरारी राधे श्याम -२
सुर संधान, सुर संधान

दे तान वेणु पर मधुर मधुर 
सप्त सुरों की गूंज मधुर
जगति छंद उतरे धृ पर
हो भोर सुवासित जगे प्राण ।

हे कृष्ण मुरारी राधे श्याम -२
सुर संधान, सुर संधान


टूट गये सुर से सब नाते
सरगम के सुर ना हैं भाते
खनक भरी सब के कानों में
सिसक रहा सबका है बिहान ।

सुर संधान, सुर संधान
हे कृष्ण मुरारी राधे श्याम -२
सुर संधान, सुर संधान

राह अटपटी भाग रहे सब
ना, सम्बन्धो में राग रहे अब
जगति है चिन्तित जन व्याकुल हैं
मांग रहे सब इससे त्राण
.
सुर संधान, सुर संधान
हे कृष्ण मुरारी राधे श्याम -२
सुर संधान, सुर संधान

हो चले आज सब रक्त पिपासू
तम पोषक, शोषक अविनासी
स्वच्छन्द विचरते घातक चहुंदिश
विचलित है हर साधु प्राण ।

सुर संधान, सुर संधान
हे कृष्ण मुरारी राधे श्याम -२
सुर संधान, सुर संधान

वेणु,  सुदर्शन  संग ले आजा 
भयभीत धरा को धैर्य बंधा जा
विश्वास सभी का डोल गया
है  टूट रही मानव पहचान  ।


सुर संधान, सुर संधान
हे कृष्ण मुरारी राधे श्याम -२
सुर संधान, सुर संधान


उमेश कुमार श्रीवास्तव
लोकभवन , भोपाल
दिनांक : ०९.०७.२०२६

रविवार, 5 जुलाई 2026

गधे हैं

इधर भी गधे हैं , उधर भी गधे हैं
जहां भी नज़र हो उधर ही गधे हैं ।

कुछ राही गधे हैं ,कुछ माही गधे हैं
मुकुट कुछ हैं पहने वो शाही गधे हैं ।

कुछ गम्भीर दिखते शालीनता ओढ़े
वो विरादरी में अपनी ज्ञानी गधे हैं ।

प्रवचन कर रहे जो, मजमा लगाये
वो राज , योगी, फ़सादाई गधे हैं ।

कई तो पढ़े हैं  किताबें  अनेको
गौर से देखने पर बस किताबी गधे हैं ।

कुछ देशी भेष में कुछ विदेशी रंग में हैं
मगर रेंकने पर सब सियासी गधे हैं ।

वो गरमी के गधे हम बरसाती गधे हैं
इनमें भी अनेको करामाती गधे हैं ।

चलो ढूढ़ लें,  विरादर को अपने
सभी तो यहां पर,बस गधे ही गधे हैं ।

उमेश कुमार श्रीवास्तव
लोकभवन, भोपाल.
दिनांक : 06.07.2026


रविवार, 28 जून 2026

शेर

सोचता हूं हर बार 
दिल की बात जुबां पे न आये
कम्बख्त चेहरा , जुबां बन
कह देता हर राज - ए - दिल जमाने से ।


( केदारनाथ त्रासदी पर )
फटा दिल, शैलाब अश्कों का बहा
परवर दिगार !
 बेमुरौवत रहनुमाओं की सजा
 क्यूं दी तूने, अपने खिदमतगारों को ।


जिन्दगी तू ही बता, कैसे तुझे प्यार करूं
तेरी हर इक सुबह,उम्र कम कर देती है जो ।

मरहम न सही कोई जख्म ही दे दो
अहसास तो हो, कोई भूला नहीं हमको ।

जिन्दगी में रंग गुलज़ार से मांगा करो
ख़िज़ा में मस्त रहना, ख़ार से मांगा करो
गिड़गिड़ाया मत करो भिखारी की तरह
तुम जो मांगा करो, अधिकार से मांगा करो

मंगलवार, 23 जून 2026

किधर जा रहे हम

किधर जा रहे हम

आज हम, हमारा समाज व सरकारें
स्त्रियों को भी 
बनाने की होड़ में हैं, "पुरुष"
देश समाज व परिवार की
आय अर्जन का या यूं कहें
जी डी पी बढ़ाने का जरीया ।

प्रकृति ने स्त्री - पुरुष दो काया
माया से रची थी
शक्ति का पृथ्थकीकरण
प्रकृति के अनुरूप किया था
एक में जो  शक्तियां थी
वह दूसरे में भी थी
पर, न्यून
तभी वे युग्म बन होती थी पूर्ण
पर महिला सशक्तिकरण के 
इस दौर में
पुरुष ने अपने संकुचित स्त्रेण गुण
विसार दिये है
महिलाओं ने भी स्त्रैण गुण से
कर लिया है किनारा
दोनो हो चुके है
पूर्ण पुरुष
जिसमें संवेदना , धैर्य, क्षमा
स्नेह, ममत्व व व्यवस्थापन के गुण
पूर्णतया सो चुके हैं
या यूं कहे अनेक प्रजातियों की तरह
धरा से लुप्त हो चुके हैं ।
पुरुष के दुर्गुणों को 
सौम्य बनाता था जो
वह स्त्रैण रस की धारा
जो सूखी, सरस्वती सी
तो पुरुष मानव से दानव हो चुका है
उसी की प्रतिकृति बनी स्त्री
अनुगमन कर दानवी हो चुकी है ।

धरा के गुणों की पर्याय
स्त्रैण गुण की धनी नारी
नर में परिवर्तित होती
अपनी खो रही है परिभाषा
रूप, रस , स्पर्श, गंध समेट
मातृत्व की काया 
उदार दृढ़ता,उर्वरता, सहिष्णुता
की पवित्र प्रतिमूर्ति
मानव के पोषण से 
रही है मुख मोड़
ये कैसी चली है पुरुष बनने की होड़

मृदुता - कठोरता का योग
नारी में नर, नर में नारी का संयोग
खो रहा है
आज शक्तिपृथ्थक्करण
केन्द्रीकरण में खो रहा है
कठोरता से कठोरता का योग
विध्वन्स ही लायेगा
सरसता हारेगी
शुष्क पाषाण बन मानवता
बाजी हारेगा ।

उमेश कुमार श्रीवास्तव
लोक भवन , भोपाल .
दिनांक : 29.06.2026





शनिवार, 20 जून 2026

नही मानता तुम सुन्दरतम
हो वसुधा के रत्न अनमोल
नही मानता निखिल ब्रम्ह ने
गढ़ा तुम्हे सब विधि से तोल

नही मानता श्रेष्ठ बुद्धि है
धी प्रज्ञा  जब साथ नही
पोषित अहं ले मानव तुम

शुक्रवार, 29 मई 2026

हो रहे फासले , बट रहा आदमी
क्या से क्या आज, हो रहा आदमी ।
ना रंगत रही, नूर भी ना रहा

रविवार, 24 मई 2026

जीवन पथ है

उद्देलित हो 
नाटकीय खबरों से
कभी कभी सोचता हूं 
जीवन क्या है ?

ऐश्वर्य, पद , प्रतिष्ठा
आरामतलब - जीवनचर्या
धनबल, जनबल, बाहुबल की सीमा
या पहुंच की बानगियां 
क्या करती हैं 
जीवन को रेखांकित ।

क्या इनसे शान्ति से 
तन्मयता पूर्वक भोगा जा सका है वह 
जिसे हम जीवन समझते हैं
या वे भोग लेती है प्राणियों के प्राण से सुमधुर, सुस्वादु रस
जिसे हम संवेदना, विवेक, धीरता 
और अपनत्व जानते हैं
सहअस्तित्व, प्रेम, समर्पण के नाशक
बीज तत्व अहं
के पोषक तत्वों से प्रेरित हो
जीने की कला को हम
शायद जीवन मानते हैं  ।

सनातनी एक कला है जीने की
धैर्यवान क्षमाशील बन
मन को संयत कर पग संधाने की
पराई को पराई मान
करना बुद्धि, ज्ञान, विद्या का समुचित प्रयोग
इन्द्रियों पर नियंत्रण 
अक्रोध पा अहं को भागने के लिये
यही सरल पथ है मानव तन पा
आत्मतत्व  जगाने का
आनन्द को आनन्द से आनन्दित
कर जाने का ।
निष्कर्ष आता समझ
इसी पथ-गमन का नाम जीवन है
शायद !

उमेश कुमार श्रीवास्तव
लोकभवन , भोपाल
दिनांक : २५. ०५. २५

बुधवार, 20 मई 2026

गज़ल

गज़ल

करता था प्यार दिल से,वो दिमाग ले के आई
महताब सा चमन था वो आफताब ले के आई
सुकूं से जी रहा था, रुनझुन थी ख्वाहिशें
जमाने भर की वो तो दर्दे गुबार ले के आई ।
कलियों सा सहेजा मैने जो खार बन गई है
खुशबू की चाहतों में बद बयार ले के आई

अलहदा ठीक था मैं इकसार चला क्यूं होने
वह तो टीस का मुकम्मल खुमार ले के आई

मुकद्दर पर ठीकरा क्यूं ,फोड़ूं  मेरे यारों
तदबीर कर सका न वो तकदीर ले के आई ।

उमेश कुमार श्रीवास्तव
लोक भवन
दिनांक : ०६.१०.२६
जी रहा हूं मैं , मरने के लिये
अमरत्व क्यूं पसंद हो जीने के लिये